उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल नोएडा ने धूमधाम से मनाया 77वां गणतंत्र दिवस
नोएडा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा द्वारा देश का 77वां गणतंत्र दिवस सेक्टर-5 हरौला स्थित राजवंशी ट्रेडर्स पर धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया।
अपने संबोधन में प्रतिनिधि मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल एवं अध्यक्ष राम अवतार सिंह ने कहा कि वर्ष 1950 में हमारे देश का संविधान लागू हुआ, जिसके साथ ही भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक एवं गणतंत्र राष्ट्र बना। हमारा संविधान हमें अधिकार प्रदान करता है, साथ ही हमारे कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्हीं के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण आज हम एक स्वतंत्र और सुरक्षित देश में जीवन जी पा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि आज के इस पावन अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम एक जिम्मेदार नागरिक बनें, देश के कानूनों और नियमों का पालन करें तथा राष्ट्र के विकास में अपना सक्रिय योगदान दें। जब भी हमारा तिरंगा लहराता है, तो हमें अपने देश की आज़ादी और गौरव पर गर्व की अनुभूति होती है।
वक्ताओं ने कहा कि आज़ादी और संविधान लागू हुए कई दशक बीत जाने के बावजूद देश आज भी अपराध, भ्रष्टाचार, हिंसा, नक्सलवाद, आतंकवाद, गरीबी, बेरोजगारी, लिंगभेद और अशिक्षा जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए हम सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। जब तक इन समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरी तरह साकार नहीं होगा। भारत के पास विश्व का सबसे बड़ा मानव संसाधन है, यदि हम सब मिलकर प्रयास करें तो भारत शीघ्र ही विकसित देशों की श्रेणी में शामिल हो सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी व्यापारियों ने संकल्प लिया कि वे देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करेंगे, देश की अखंडता एवं एकता बनाए रखने के लिए कार्य करेंगे और अपने अधिकारों के साथ-साथ दूसरों के अधिकारों का भी सम्मान करेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नरेश कुच्छल (चेयरमैन), राम अवतार सिंह (अध्यक्ष), मनोज भाटी (वरिष्ठ महामंत्री), दिनेश महावर (वरिष्ठ महामंत्री), एस.एन. गोयल, राधेश्याम गोयल, छत्रपाल चौहान, अंकित कौशिक, ओमपाल शर्मा, अमर चौहान, लोकेश शर्मा, सुनील कुमार सिंघानिया, महेंद्र कटारिया, संदीप कुमार, सोहनवीर सिंह, वरुण मेहरा, मूलचंद गुप्ता, सुभाष गर्ग, अनिल गर्ग, महेंद्र गोयल, संदीप चौहान, पीयूष वालिया, राजीव अग्रवाल, मयंक गुहर, वीरपाल सिंह, सुभाष त्यागी, पवन गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
